इंसानी फितरत कह लीजिए या इंसान का स्वभाव लेकिन वह जिस समाज का हिस्सा है उससे अलग-थलग रहना उसके लिए मुमकिन नहीं है. पर जब कोई खुद को समाज और परिवार से काट कर रहने लगता है तो हैरत तो जरूर होती होगी लेकिन आज किसी के लिए किसी के पास समय नहीं है इसीलिए कौन इस बात पर ध्यान दे.
लेकिन अकेलेपन की यह समस्या जितनी सरल और छोटी नजर आती है उतनी है नहीं. अगर कोई व्यक्ति खुद को अकेलेपन के हवाले कर चुका है तो उसके पीछे कोई बहुत बड़ा कारण होगा. यह कारण आने वाले समय में उसके लिए नकारात्मक परिणामों की वजह बन सकता है.
डॉक्टरों की मानें तो जब व्यक्ति एक लंबे समय तक परिवार, दोस्तों या फिर आस पड़ोस के लोगों से दूर रहता है तो वह अवसादग्रस्त हो जाता है. तन्हाई का एहसास उसे इस कदर अपनी चपेट में ले लेता है कि उसे अकेलेपन और भीड़भाड़ में कोई अंतर ही नजर नहीं आता. अकेलेपन की वजह से उस व्यक्ति के भीतर आत्मविश्वास की कमी होने लगती है और वह खुद को अन्य लोगों का सामना करने के लिए तैयार नहीं कर पाता. इतना ही नहीं अकेलेपन से शारीरिक स्वास्थ्य पर भी गहरा आघात पहुंचता है.
लंबे समय तक तो डॉक्टर भी इस बात को समझ नहीं पाए कि अकेलेपन का स्वास्थ्य पर क्या दुष्प्रभाव पड़ सकता है, लेकिन जब बुजुर्गों और अकेले रह रहे युवाओं पर अध्ययन किया गया तो यह स्पष्ट हो गया कि अकेलापन ना सिर्फ मानसिक क्षति पहुंचाता है बल्कि शारीरिक सक्रियता और स्वास्थ्य को भी बाधित करता है.
उल्लेखनीय है कि हम यहां बात शारीरिक रूप से अकेलेपन की नहीं कर रहे हैं बल्कि हमारा आशय भावनात्मक और मानसिक तौर पर परिवार और दोस्तों से दूरी से है.
यह बात तो सही है कि हम किसी को स्वयं अकेलेपन से बाहर निकलने के लिए जोर तो नहीं डाल सकते और ना ही चुटकी बजाते ही कोई अपने लिए चाहने वाला और परवाह करने वाला ढूंढ़ सकता है. लेकिन एक काम जो हम कर सकते हैं वह है अकेले रहने वाले व्यक्ति को उसके अकेलेपन से बाहर निकालने की कोशिश. उसे नजरअंदाज करने की नहीं बल्कि उसकी भावनात्मक जरूरतों और अपेक्षाओं को समझने की कोशिश.
निश्चित तौर पर अकेलापन जानलेवा सिद्ध होता है. आप खुद सोचिए कुछ दिन आपका मोबाइल ना बजे, आपका परिवार, दोस्त और पड़ोसी आपसे बात ना करें और तो और जॉब या व्यवसाय भी आपके हाथ से फिसल गया हो तो आपको कैसा लगेगा?
१००% सच मैं खुद भुगत रहा हूँ पिछले आठ सालों से कोई मेरी परवाह नहीं करते वो चाहे मेरे बेटे हों
ReplyDeleteया बेटी या परिवारवाले कोई नहीं ?